BREAKING NEWS
2026-08-07

राजेंद्र नगर क्षेत्र में एक हफ्ते में तीन स्विफ्ट कार चोरी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में बीते एक हफ्ते के दौरान तीन स्विफ्ट कारें चोरी हो गई हैं। इनमें से ताजा मामला वीआईपी परस्पर नगर का है, जहां 28 जुलाई की रात एक स्विफ्ट कार चोरी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Advertisement

पीड़ित की जानकारी

पुलिस के अनुसार, वीआईपी परस्पर नगर निवासी सप्लायर मुकुल कुमार त्यागी ने अपनी मारुति स्विफ्ट कार (HR51BQ5100) 28 जुलाई की रात करीब 11 बजे सिद्धेश्वर महादेव मंदिर की दीवार के पास खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब वे बाहर आए तो कार मौके से गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिलने पर मुकुल कुमार त्यागी ने राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

वारदात का तरीका और जांच

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की डीपी से बिजली सप्लाई बंद कर दी थी। ऐसा कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरे बंद करने के उद्देश्य से किया गया था। बिजली बंद होने के बाद चोर स्विफ्ट कार चोरी कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी दूसरी कार से घटनास्थल पर आए थे। कॉलोनी के कैमरों में उनकी गतिविधियां कैद नहीं हो सकीं, लेकिन बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में चोरी की कार एक चौराहे से गुजरती हुई दिखाई दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

क्षेत्र में वाहन चोरी का बढ़ता ग्राफ

राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में स्विफ्ट कारों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, विज्ञान नगर और दामोदर नगर से भी दो स्विफ्ट कार चोरी होने की शिकायतें मिली हैं। इन मामलों में भी जांच जारी है। लगातार हो रही इन वाहन चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों के बीच कड़ी तलाश की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।