BREAKING NEWS

Latest News

करौंदा बायपास पर मोबाइल ई-कोर्ट की कार्रवाई, दो वाहन जब्त; आठ हजार रुपये जुर्माना वसूला

जबलपुर के करौंदा बायपास पर शुक्रवार को मोबाइल ई-कोर्ट ने यातायात एवं अतिक्रमण व्यवस्था सुधारने के लिए कार्रवाई की। नगर निगम मजिस्ट्रेट अरुण कुमार गोयल के नेतृत्व में इस दौरान दो अव्यवस्थित खड़े माल वाहक वाहनों को जब्त किया गया और उनके चालकों पर स्पॉट फाइन लगाया गया। गंदगी फैलाने वालों और सड़क किनारे स्थित ढाबों, नाश्ता व चाय की दुकानों पर भी नियमानुसार जुर्माना वसूला गया। विभिन्न प्रकरणों में कुल आठ हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई। नगर निगम ने बताया कि ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।

हाई कोर्ट में नई व्यवस्था: वादपत्र, याचिकाएं, शपथ पत्र अब दोनों ओर होंगे प्रिंट

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने पेपरलेस कार्यप्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब सभी न्यायिक दस्तावेज, जैसे वादपत्र, याचिकाएं और शपथ पत्र, ए-4 आकार के कागज पर दोनों ओर प्रिंट किए जाएंगे। वकीलों को नोटिस और अन्य सूचनाएं पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस या व्हाट्सएप अलर्ट के माध्यम से मिलेंगी, जिससे हार्ड कॉपी पत्राचार समाप्त हो जाएगा। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, कागज की खपत कम करना और न्यायिक कार्यप्रणाली में एकरूपता लाना है।