इंदौर के खातीवाला टैंक स्थित हर्ष क्लीनिक में इलाज के दौरान 10 वर्षीय दिव्यांशी सोलंकी की मौत के बाद रविवार देर रात हंगामा हो गया। स्वजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जूनी इंदौर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बच्ची को पेट दर्द की शिकायत थी और 15 दिनों से क्लीनिक में इलाज चल रहा था। रविवार को इंजेक्शन और बोतल चढ़ाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और कुछ घंटों में मौत हो गई। स्वजनों ने क्लीनिक में आईसीयू सुविधा न होने और रेफर न करने पर सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।