भोपाल नगर निगम ने अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। शहर के सात प्रमुख विसर्जन स्थलों पर 13 क्रेन, 12 पोकलेन मशीनें, 184 गोताखोर और 98 फायरकर्मी तैनात किए गए हैं। निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट, लाइफबॉय और कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। रात में रोशनी के लिए कुल 1665 एलईडी फ्लड लाइट लगाई गई हैं। सफाई, सड़कों की मरम्मत और बिजली के तारों के संधारण की व्यवस्था भी की गई है।
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में सिंहस्थ मेले के लिए नए घाटों के निर्माण को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। प्राकृतिक चट्टानों और सदियों पुराने प्राचीन घाटों को तोड़े जाने से कई लोग नाराज हैं। इंदौर के कुछ वकील इस मामले को लेकर जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी कर रहे हैं। इस संबंध में संभागायुक्त भास्कर लक्षकार को ज्ञापन भी दिया गया है, जिसमें निर्माण कार्यों की जांच और उन पर रोक लगाने की मांग की गई है। वकीलों का कहना है कि यह ओंकारेश्वर की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को प्रभावित कर सकता है।