BREAKING NEWS

Latest News

4 हाथ-4 पैर वाले नवजात की स्थिति गंभीर, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती

छतरपुर जिले के लवकुश नगर में 23 अगस्त को एक महिला ने 4 हाथ और 4 पैर वाले नवजात को जन्म दिया। लगभग 3 किलोग्राम वजन वाले इस शिशु की स्थिति गंभीर है। बेहतर उपचार के लिए इसे खजुराहो से एयरलिफ्ट कर जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया है। विशेषज्ञों की टीम उपचार में जुटी है, जिसने इसे ‘कंजॉइन्ड ट्विन्स’ का बेहद दुर्लभ मामला बताया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गर्भ में दो बच्चे पल रहे थे, लेकिन शुरुआती विकास में वे पूरी तरह अलग नहीं हो पाए, जिससे यह असाधारण शारीरिक संरचना बनी।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में आधी रात को दिखी दुर्लभ जंगल कैट

विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में आधी रात को एक दुर्लभ जंगल कैट देखी गई। वर्षा से भीगी घास के बीच अपनी चमकती आंखों के साथ दिखी इस शर्मीली बिल्ली को वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर चेतन घरपुरे ने कैमरे में कैद किया। जंगल कैट अपनी एकांतप्रिय प्रकृति और शिकारी कौशल के कारण आसानी से दिखाई नहीं देती। विशेषज्ञों के अनुसार, बांधवगढ़ बाघों के अलावा अनेक दुर्लभ वन्यजीवों का भी आवास है। यह घटना बांधवगढ़ की समृद्ध जैव विविधता और उसके संरक्षण के महत्व को दर्शाती है।