BREAKING NEWS

Latest News

छतरपुर: बानसुजारा बांध के आठ गेट खुले, धसान नदी उफान पर, निचले इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश

छतरपुर-टीकमगढ़ सीमा पर स्थित बानसुजारा बांध के आठ गेट शुक्रवार रात जलस्तर बढ़ने के बाद खोले गए। जल संसाधन विभाग ने पहले से खुले दो गेटों के अलावा छह अतिरिक्त गेट 0.75-0.75 मीटर तक खोले। इससे धसान नदी में लगभग 792 घनमीटर प्रति सेकंड पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि बांध का जलस्तर 315.25 मीटर था। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि धसान नदी में जलस्तर 7 से 9 फीट तक बढ़ने की संभावना है। विभाग बांध के जलस्तर और गेटों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रख रहा है।

बालाघाट में नाले में बहने से 39 वर्षीय व्यक्ति की मौत

बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र में पिपरई नाले में बहने से 39 वर्षीय रामदास मेश्राम की मौत हो गई। शुक्रवार को पोला पर्व के दिन वह घर से निकले थे और देर रात तक वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने उनका शव नाले की पुलिया के पास पाया। लांजी क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण नाला उफान पर था। कोसमारा के सरपंच दिलीप धनौले ने बताया कि नाले पर बनी पुलिया की ऊंचाई कम है और इसे ऊंचा करने की मांग कई बार विधायक से की जा चुकी है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

मंडला में नर्मदा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, छोटा रपटा पुल डूबा

मंडला में लगातार बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुँच गया है, जिससे छोटा रपटा पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है और पानी पुल से 5-6 फीट ऊपर बह रहा है। कई घाट और मंदिर भी पानी में डूब गए हैं, जिसमें नावघाट पर गणेश विसर्जन कुंड भी शामिल है। प्रशासन ने घाटों पर बैरिकेडिंग कर होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीमें तैनात की हैं। लोगों से नर्मदा तट से दूर रहने की अपील की गई है और निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ाई गई है।

विदिशा: बंधेरा गांव में नया हाई स्कूल खुला, 9वीं और 10वीं की कक्षाएं शुरू

विदिशा के बंधेरा गांव में एक नया हाई स्कूल खुल गया है, जिससे ककरुआ सहित तीन गांवों के बच्चों को अब जान जोखिम में डालकर बेतवा नदी के स्टॉप डैम के पिलरों को पार कर स्कूल नहीं जाना पड़ेगा। राज्य सरकार ने बंधेरा के मिडिल स्कूल को हाई स्कूल का दर्जा दिया है, और बुधवार से 9वीं तथा 10वीं की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। यह कदम बच्चों का स्टॉप डैम पार करते हुए एक वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद उठाया गया। उच्च न्यायालय ने भी इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया है।