मंडला नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी गजानंद नाफड़े को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उन्हें नगर पालिका कार्यालय में नल-जल योजना से संबंधित कार्य के बदले ठेकेदार ज्ञान सिंह से रिश्वत मांगते हुए पकड़ा गया। ठेकेदार की शिकायत पर लोकायुक्त ने मामले का सत्यापन किया और फिर कार्रवाई की योजना बनाई। गिरफ्तारी के बाद रिश्वत की राशि जब्त कर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है।
मध्य प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत 77.21 प्रतिशत परिवारों तक नल जल पहुंचने का दावा किया गया है। हालांकि, जिला स्तरीय आंकड़े इससे अलग तस्वीर दर्शाते हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में लगभग 43 प्रतिशत और विदिशा में लगभग 33 प्रतिशत परिवारों तक अब भी नल का पानी नहीं पहुंचा है। प्रदेश के 8 जिलों, जिनमें सतना, छतरपुर और सिंगरौली शामिल हैं, में आधे से अधिक परिवार नल जल सुविधा से वंचित हैं। कुल 23 जिलों में नल जल कवरेज 70 प्रतिशत से कम है। लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अनुसार, कम कवरेज का कारण बहु-ग्राम जल योजनाओं का निर्माणधीन होना है।