नीमच जिले के जावद नगर में अच्छी वर्षा और जल संकट से राहत के लिए सदियों पुरानी परंपराओं का आयोजन किया गया। नगर के खोर दरवाजा स्थित रामलीला मैदान में प्राचीन घास भैरव का पूजन कर गधे को गुलाब जामुन खिलाए गए। इसके बाद नगर पटेल को गधे पर सवार कर पारंपरिक सवारी निकाली गई, जिसमें लोगों ने इंद्र देव से अच्छी वर्षा की प्रार्थना की। स्थानीय मान्यता है कि इन अनुष्ठानों से इंद्र देव प्रसन्न होते हैं। इसी क्रम में किसान परिवारों की महिलाओं ने ‘पानी बंधान’ अनुष्ठान कर ढोल की थाप पर मटकियां फोड़ते हुए ‘राधे कृष्ण गोविंदा, जल बरसा दे गोविंदा’ का जाप किया।
नीमच में युवक कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पोस्टर पर आपत्तिजनक स्टिकर लगाकर छात्र आंदोलन में ‘अमानवीय’ कार्रवाई का विरोध जताया। भाजपा ने इसे राजनीतिक गिरावट बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह बांगरेड़ ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि पेपर लीक मामले में छात्रों पर बल प्रयोग किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने इसे कांग्रेसियों का ‘घिनौना कार्य’ बताया और कहा कि जंतर मंतर पर असामाजिक तत्व घुस आए थे।