BREAKING NEWS

Latest News

ग्वालियर में 3 लाख की फिरौती के लिए युवक का अपहरण, 18 घंटे बाद शिवपुरी से छुड़ाया गया, एक आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर के तानसेन नगर निवासी वीरू करण को उनके दो परिचितों ने सोमवार दोपहर अगवा कर लिया था। अपहरणकर्ताओं ने वीरू की पत्नी के मोबाइल पर संदेश भेजकर उनकी रिहाई के लिए तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी। सूचना मिलते ही ग्वालियर पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित कर तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस शिवपुरी जिले के वैराड़ क्षेत्र पहुंची और 18 घंटे की लगातार खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह वीरू को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने एक आरोपी वरुण बंजारा को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अरुण बंजारा फरार है।

भोपाल में बुजुर्ग महिला से ठगी, असली नोट दिखाकर उतरवाए सोने के जेवर

भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र में 62 वर्षीय अशरफी बाई से ठगी का मामला सामने आया है। नरसिंहगढ़ से इलाज कराने आई अशरफी बाई को दो जालसाजों ने 500 रुपये के असली नोट दिखाकर विश्वास में लिया। उन्होंने महिला को डरा-धमाकर सोने के मंगलसूत्र और कान के टाप्स उतरवा लिए। जालसाजों ने असली नोटों की गड्डी का लालच देकर अंततः महिला को रद्दी कागजों की पोटली थमा दी। अपनी बेटी के घर पहुंचने पर महिला को ठगी का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।