BREAKING NEWS

Latest News

दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित कैंसर दवाएं बेचने वाले डॉक्टर को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कैंसर की प्रतिबंधित दवाएं बेचने वाले एक सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के भिंड निवासी डॉ. मनीष शर्मा को दिल्ली के सुखदेव विहार से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर लाखों रुपये मूल्य की नकली, मिलावटी और तस्करी कर लाई गई दवाएं जब्त की गईं, जिनमें ‘इक्लुसिग पोनाटिनिब’ और ‘डार्जालेक्स’ शामिल हैं। ये दवाएं तुर्की से तस्करी कर लाई गई थीं और भारत में बिक्री के लिए स्वीकृत नहीं थीं। आरोपित रूस से एमबीबीएस था लेकिन भारत में लाइसेंस नहीं मिला। उसने ‘एचके फार्मा’ फर्म बनाकर ‘इंडिया मार्ट’ के जरिए अवैध व्यापार शुरू किया था।

फरीदाबाद स्टेशन पर निर्माण कार्य, मालवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित

फरीदाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर निर्माण कार्य के चलते उत्तर रेलवे दिल्ली मंडल के हजरत निजामुद्दीन-पलवल रेल खंड पर ब्लॉक प्रस्तावित है। इससे पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल की कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। डॉ. अंबेडकर नगर-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और लक्ष्मीबाई नगर-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 31 अगस्त से 14 अक्टूबर तक प्रभावित रहेंगी। अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस और ऊना हिमाचल-इंदौर एक्सप्रेस 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रभावित होंगी, जबकि श्री माता वैष्णोदेवी कटड़ा-डॉ. अंबेडकर नगर मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस 15 अक्टूबर 2026 तक प्रभावित रहेगी।