भोपाल में शनिवार शाम कमलानगर थाना के गुंडा स्क्वाड के पुलिसकर्मी दीपक कटियार और बलराम एक फरार बदमाश का पीछा कर रहे थे। हबीबगंज थाना क्षेत्र के 11 नंबर इलाके में उनकी बाइक से एक आठ वर्षीय बच्ची टकराकर घायल हो गई। पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में थे, जिस कारण भीड़ ने उन्हें आम व्यक्ति समझकर झूमाझटकी और मारपीट की। बच्ची को सिर में चोटें आई हैं और उसे हजेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हबीबगंज पुलिस के अनुसार, अभी किसी पक्ष से कोई शिकायत नहीं मिली है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में दो वर्षीय बच्ची आयमा की मौत हो गई। वह अपने माता-पिता बंशीलाल रावत और रिंकी के साथ रायकोन सिटी से राखी मनाकर घर लौट रही थी। अचानक बाइक के सामने जानवर आ जाने से बाइक फिसल गई और पूरा परिवार गिर गया। बंशीलाल, रिंकी और बड़ी बेटी परिधा को मामूली चोटें आईं, लेकिन आयमा को सिर में गहरी चोट लगी, जिससे उसकी जान चली गई। आयमा का जन्मदिन रविवार को ही था।
रीवा जिले में एक ढाई साल की बच्ची को आंगनवाड़ी केंद्र से बोरी में भरकर अगवा कर लिया गया था। अपहरणकर्ता बच्ची को दोपहिया वाहन से लगभग 100 किलोमीटर दूर सीधी जिले के एक दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में छिपा दिए थे। थाना समान पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर दबिश देकर बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों को चिन्हित किया और पूरे षड्यंत्र पर पानी फेर दिया।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस से अगवा की गई 18 माह की बच्ची को जीआरपी ग्वालियर ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को ग्वालियर के गांधीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी कोई संतान नहीं थी, इसलिए उसने बच्ची का अपहरण किया। महिला शिवपुरी से प्रयागराज जा रही थी जब आरोपी ने विश्वास हासिल कर बच्ची को अगवा किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को पकड़ा। बच्ची को उसकी मां को सौंप दिया गया है, और आगे की जांच जारी है।