मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना ‘मोबिलिटी विजन: 2030’ के अंतर्गत प्रदेश में 15 हजार से अधिक आधुनिक सार्वजनिक बसें संचालित की जाएंगी। इससे प्रतिदिन 30 लाख से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी, साथ ही 180 से अधिक बस स्टैंड का कायाकल्प होगा। 11-12 सितंबर को इंदौर में होने वाली समिट में परिवहन व्यवस्था पर मंथन होगा, जिसमें स्वच्छ ईंधन और इलेक्ट्रिक बसों पर विशेष जोर दिया जाएगा। बसों में महिला और बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, जिसके लिए उन्हें सात सीसीटीवी कैमरों, पैनिक बटन और रियल-टाइम व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम से लैस किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ और ‘पीएम ई-बस सेवा’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर 351 आधुनिक बसों को हरी झंडी दिखाई गई, जिससे करीब 21 साल का लंबा इंतजार खत्म हुआ। परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने इसे ऐतिहासिक बताया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के ‘खटारा बस’ वाले आरोप पर पलटवार किया। ‘लोकपथ ऐप’ से यात्रियों को लाइव बस जानकारी, पर्यटन स्थलों और अस्पतालों की सूचना मिलेगी। मुख्यमंत्री ने 1500 बसें चलाने का लक्ष्य और गांवों तक सेवा पहुंचाने का संकल्प दोहराया।