मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण संजय सरोवर जलाशय (भीमगढ़ बांध) का जलस्तर निर्धारित सीमा से ऊपर पहुंच गया है। जल संसाधन विभाग ने जल प्रबंधन और सुरक्षा के मद्देनजर बांध के दो गेट (5 और 6) को एक-एक मीटर तक खोल दिया है, जिससे 283 क्यूमेक्स पानी की निकासी हो रही है। इसके परिणामस्वरूप वैनगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की संभावना है। स्थानीय प्रशासन ने नदी के तटीय और निचले इलाकों के लिए हाई अलर्ट जारी कर नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। इसका असर सिवनी, बालाघाट और महाराष्ट्र के गोंदिया तथा भंडारा जिलों में भी दिखेगा।