महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाली 309 किलोमीटर लंबी मनमाड़-इंदौर नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। इस परियोजना के लिए कुल 349.7890 हेक्टेयर वन भूमि की आवश्यकता चिन्हित की गई है, जिसके हस्तांतरण की प्रक्रिया विभागीय स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रही है। मनमाड़-इंदौर रेल संघर्ष समिति के प्रमुख मनोज मराठे ने इसे निमाड़, मालवा और उत्तर महाराष्ट्र की वर्षों पुरानी मांग बताया। परियोजना से क्षेत्र को सीधा रेल संपर्क मिलेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। समिति ने शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने का आग्रह किया है।