मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लैपटॉप वितरण कार्यक्रम में 10 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान किए, जबकि 1.21 लाख विद्यार्थियों के खातों में 25-25 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। इस वर्ष कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपए से अधिक की राशि लैपटॉप के लिए दी जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने संघर्ष के दिन साझा किए और विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों पर चर्चा की। परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि सरकारी स्कूलों में दाखिला बढ़ा है और अब तक 6 लाख विद्यार्थियों को लैपटॉप योजना का लाभ मिल चुका है। सरकार 18 हजार शिक्षकों की भर्ती की तैयारी भी कर रही है।
मध्य प्रदेश सरकार ने ‘भवन एवं अन्य सन्निर्माण श्रमिक श्री मेधा छात्र उन्नयन योजना’ शुरू की है। इसके तहत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रति माह 7,500 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। यह राशि ट्यूशन फीस, अध्ययन सामग्री, हॉस्टल खर्च और कोचिंग के लिए उपयोग की जा सकेगी। प्रारंभिक चरण में 600 विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है, जिनमें छात्राओं के लिए 20% सीटें आरक्षित होंगी। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को पढ़ाई जारी रखने में मदद करना है।