भिंड जिले के मौ कस्बे में 9वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र मानव शाक्य की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मानव सोमवार सुबह स्कूल जाने के लिए साइकिल से निकला था, लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने पुलिस को सूचना दी। मंगलवार सुबह मौ पुलिस ने गांव से कुछ दूरी पर सड़क किनारे बने एक पानी भरे गड्ढे से उसका शव और साइकिल बरामद की। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मानव साइकिल के कैरियर पर बैठकर चला रहा था, जो अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। उसका पैर साइकिल में फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। मामले की गहन जांच जारी है।
मौ थाना पुलिस ने 20 जुलाई को घमूरी गांव में मिले 45 वर्षीय अतर सिंह जाटव के शव के मामले का खुलासा किया है। मृतक के छोटे भाई विजय जाटव और दामाद बबलू जाटव को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दामाद बबलू ने कार की 9 हजार रुपये मासिक ईएमआई से बचने के लिए ससुर की हत्या की योजना बनाई थी। आरोपियों ने अतर सिंह को जहरीला पदार्थ पिलाकर और गला घोंटकर मार डाला, फिर शव को कार में रखकर दंदरौआ मंदिर दर्शन के बाद घमूरी पुलिया के नीचे फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।