ग्वालियर के सिरसौद गांव में रविवार को भंडारे से लौटते बच्चों ने रास्ते में रतनजोत का फल खा लिया, जिससे 15 बच्चे बीमार पड़ गए। उन्हें उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने लगे। स्वजन पुलिस की मदद से बच्चों को तत्काल ग्वालियर के कमलाराजा अस्पताल ले गए, जहां 13 बच्चों को बाल रोग विभाग में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। भर्ती बच्चों की उम्र 5 से 16 वर्ष के बीच है। चिकित्सकों ने बताया कि रतनजोत का फल जहरीला होता है और समय पर उपचार से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।