इटली के काउंसल जनरल वॉल्टर फरेरा ने एक विशेष दल के साथ इंदौर का दौरा किया और शहर की स्वच्छता व्यवस्था व नवाचारों का अवलोकन किया। उन्होंने महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मुलाकात कर इंदौर के विकास मॉडल और भविष्य की परियोजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, सौर ऊर्जा और सीएनजी प्लांट सहित विभिन्न नवाचारों की जानकारी साझा की गई। इटली और इंदौर के बीच तकनीकी सहयोग तथा निवेश की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। महापौर ने बताया कि इंदौर का मॉडल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है। इंदौर ने 5.46 लाख से अधिक ‘सेग्रीगेशन वाली सेल्फी’ का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है।
इंदौर ने केंद्र शासन के “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत ‘सेग्रीगेशन वाली सेल्फी’ का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। कुल 5,46,724 नागरिकों ने छह प्रकार के पृथक किए गए कचरे के साथ सेल्फी लेकर यह उपलब्धि हासिल की, जिसे लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि इस सफलता के लिए सभी 85 वार्डों में व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।