BREAKING NEWS

Latest News

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में एमएससी परीक्षा निरस्त; आउट ऑफ सिलेबस प्रश्नों को लेकर छात्रों ने घेरा कुलगुरु आवास

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर की ‘संघनित पदार्थ भौतिकी-II’ विषय की 17 सितंबर को होने वाली परीक्षा निरस्त कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर बताया कि प्रश्नपत्र पाठ्यक्रम से बाहर होने के कारण यह निर्णय लिया गया। नई परीक्षा तिथि बाद में घोषित होगी। वहीं, बीएएलएलबी चौथे सेमेस्टर की हिंदी विषय की परीक्षा में आउट ऑफ सिलेबस प्रश्न पूछे जाने के आरोप को लेकर एनएसयूआई के नेतृत्व में छात्रों ने कुलगुरु के आवास का घेराव किया और निष्पक्ष जांच व छात्रहित में निर्णय की मांग की।

आरडीयू सहायक कुलसचिव ने पदोन्नति और वरिष्ठता सूची दबाव के कारण प्रभार छोड़ने की अनुमति मांगी

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीयू) के सहायक कुलसचिव (स्थापना) हितेश कोडापे ने स्थापना विभाग के प्रभार से मुक्त होने के लिए आवेदन दिया है। उन्होंने पदोन्नति और वरिष्ठता सूची जारी करने को लेकर अनावश्यक दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है। कोडापे ने 15 जुलाई को यह प्रभार संभाला था और तब से उन पर कर्मचारियों तथा अधिकारियों की पदोन्नति सूची के प्रकाशन का दबाव था। उन्होंने मानसिक दबाव महसूस करते हुए 6 अगस्त को कुलसचिव को आवेदन सौंपा, जिसे कुलगुरु कार्यालय भेज दिया गया है। राजभवन द्वारा 70 पदोन्नति पद निरस्त किए जाने के बाद से ही विश्वविद्यालय में पदोन्नति का मामला चर्चा में है।