इंदौर की रेवती रेंज पर 13 लाख 10 हजार 12 जीवित पेड़ों के साथ एक नया विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। दो साल पहले पथरीली रही इस पहाड़ी पर 14 जुलाई 2024 को 12 लाख 41 हजार पौधे रोपे गए थे। एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने गिनती और निरीक्षण के बाद इसे विश्व कीर्तिमान के रूप में मान्यता दी। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष ने इसका प्रमाणपत्र प्राप्त किया। पौधारोपण अभियान के तहत रविवार को 51 हजार और पौधे लगाए गए, जिसमें 12 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। इंदौर का लक्ष्य अपने हरित क्षेत्र को नौ से 14 प्रतिशत तक बढ़ाना है।