इंदौर के सदर बाजार क्षेत्र में मंगलवार शाम एक बदमाश ने मल्हारगंज थाने के हेड कांस्टेबल पवन सिसोदिया पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपित शुभम जाट ने पुलिसकर्मी पर हमला करने से पहले खुद को भी चाकू से घायल किया और एक दुकानदार पर भी हमला करने का प्रयास किया था। घटना भोई मोहल्ले में शाम करीब 5:30 बजे हुई, जब पवन सिसोदिया ने खुद को घायल कर रहे शुभम को रोकने का प्रयास किया। हमले में पवन के हाथ, पैर और गर्दन पर कई वार हुए। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है, पवन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।