खंडवा के पिपलोद थाना क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में महिला सरपंच ज्ञानीबाई के पति रूमसिंग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह नदी के पास सुनसान रास्ते में उनका शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मृतक के गले और सिर पर गहरे घाव पाए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने FSL, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीमों की मदद से जांच शुरू की। एसपी अगम जैन ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं। पुलिस रंजिश, लूटपाट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
मैहर जिले के घुनवारा विद्युत सब स्टेशन में 5 अगस्त की रात ड्यूटी पर तैनात बिजली कर्मचारियों से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा का मामला सामने आया है। ऑपरेटर शारदा सोनी और जितेंद्र साहू के साथ सरपंच पति ओम साहू सहित चार लोगों ने कथित तौर पर मारपीट की, लॉग बुक फाड़ दी और जान से मारने की धमकी दी। अमदरा थाना पुलिस ने ओम साहू, सिन्टू साहू, लोकपाल बुंदेला और सचिन चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।