भिंड जिले में शुक्रवार को दो महिलाएं सर्पदंश का शिकार हुईं। देहात थाना क्षेत्र के सिद्ध बाबा का पुरा बबेड़ी में घर में काम कर रही 55 वर्षीय नारायणी देवी बघेल की सांप के डसने से मृत्यु हो गई। वहीं, भारौली थाना क्षेत्र के नंदरौली गांव में खेत पर चारा काट रही 34 वर्षीय सगुना को सांप ने डस लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया। पुलिस ने मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश शासन ने वर्षा ऋतु में सर्पदंश की बढ़ती आशंका के मद्देनजर इसे स्थानीय आपदा घोषित किया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को कार्ययोजना बनाने और सरकारी अस्पतालों में एंटी-वेनम व जीवनरक्षक दवाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, स्थानीय स्तर पर सर्प-मित्रों का नेटवर्क तैयार करने और सर्पदंश की घटनाओं का जिला स्तरीय डाटाबेस बनाने को कहा गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रत्येक जिले को प्रशिक्षण एवं क्षमता वृद्धि हेतु 23.17 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं, और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश हैं।