कूनो नेशनल पार्क में भारत में जन्मे 16 महीने के नर चीते KNG-23 और बोत्सवाना से लाए गए 2 वर्षीय नर चीते CCB-4 के बीच जुड़वा भाइयों जैसा अनोखा सामाजिक बंधन बना है। मप्र की पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ डॉ. समीता राजौरा के अनुसार, बिना पारिवारिक संबंध के दो अलग-अलग देशों के चीतों का यह जुड़ाव वन्यजीव इतिहास में पहली ऐतिहासिक घटना है। दोनों चीते शिकार साझा करते हैं, एक-दूसरे की सफाई करते हैं और रक्षा भी करते हैं। प्रोजेक्ट चीता के चार साल पूरे होने पर भारत में चीतों की कुल संख्या 52 हो गई है, जिनमें से 49 कूनो और 3 गांधी सागर में हैं।