भोपाल क्राइम ब्रांच ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने वाले एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डायल-112 के व्हाट्सऐप नंबर पर धमकी भरा संदेश भेजा था, जिसे डिलीट कर दिया गया था। हालांकि, डायल-112 कर्मचारियों द्वारा लिए गए स्क्रीनशॉट और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने उसे ट्रेस कर लिया। आरोपी को भोपाल लाया जा रहा है, जहां उससे धमकी देने की वजह और किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस उसके मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।