BREAKING NEWS

Latest News

लालघाटी गुफा मंदिर सावन सोमवार के लिए तैयार, विशेष अभिषेक और पूजन कार्यक्रम होंगे आयोजित

भोपाल के लालघाटी स्थित प्रसिद्ध गुफा मंदिर सावन सोमवार के लिए पूरी तरह तैयार है। प्राकृतिक कंदरा में विराजमान स्वयंभू शिवलिंग का यह पावन धाम मध्य भारत के भक्तों की श्रद्धा का केंद्र है। मंदिर के पंडित लेखराज शर्मा के अनुसार, महंत नारायणदास त्यागी महाराज ने 1949 में इस गुप्त कंदरा की खोज की थी और 1965 में इसका पुनर्निर्माण कर जन-साधारण के लिए खोला गया। सावन सोमवार पर अलसुबह विशेष जलाभिषेक, श्रृंगार, आरती और महामृत्युंजय जाप के बाद मंदिर के कपाट खुलेंगे। शाम को भी विशेष अभिषेक और महाआरती होगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दर्शन, सुरक्षा, पेयजल और महाप्रसाद के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

सावन के पहले सोमवार पर ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

श्रावण मास के पहले सोमवार को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए भक्तों ने मां नर्मदा में स्नान कर भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन किए। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा। शाम चार बजे भगवान की पारंपरिक पालकी यात्रा निकलेगी, जिसके लिए रुद्राभिषेक, विशेष श्रृंगार और व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।