दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर सिंग्रामपुर टाइगर रिजर्व क्षेत्र में खराब सड़क के कारण शनिवार सुबह दानीताल और धबालेन के बीच दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे से हाईवे पर करीब सात घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सिंग्रामपुर चौकी प्रभारी विकास सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। वाहन चालक लंबे समय से सड़क पर गहरे गड्ढों की शिकायत कर रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत की मांग की है।