जांच से पहले ही भाजपा का दावा की ऐसा हो ही नहीं सकता
बुलंदसोच न्यूज़,20 मार्च 2021 भोपाल।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा कार्यालय में युवती के साथ बुजुर्ग भाजपा कार्यकर्ता ने यौन शोषण किया है ऐसा आरोप एक महिला कार्यकर्ता ने लगाते हुए वीडियो वायरल किया है।वहीं पूरे मामले में बीजेपी ने दावा किया है कि 200 स्क्वायर फ़ीट के कमरे की लाइब्रेरी में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं ऐसी घटना हो नहीं सकती।वहीं दूसरी ओर पूरे प्रदेश में महिला कांग्रेस ने आक्रामक होकर प्रदर्शन किया है।
मध्यप्रदेश भाजपा ऑफिस में इस कथित यौन शोषण मामले से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। जांच शुरू होने से पहले ही BJP के प्रदेश कार्यालय मंत्री राघवेंद्र शर्मा ने दावा किया है कि 200 स्क्वायर फीट के कमरे में लाइब्रेरी है, जिसमें 10-12 लाेग बैठते हैं। सुबह 11 बजे तो घटना होना संभव नहीं, फिर भी जांच की जा रही है। पूरे ऑफिस में CCTV लगे हैं, लाइब्रेरी में भी कैमरा है। अगर ऐसा कुछ हुआ होगा, तो जांच में सच सामने आ जाएगा।
BJP को घेरने में जुटी कांग्रेस
शर्मा के इस बयान के बाद कांग्रेस हमलावर हो गई है। उसने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ वाला इनका नारा ढोंग है, सच सबके सामने आ गया है। अगर महिलाओं के साथ हैं, तो पीड़ित को इंसाफ दिलाएं। वहीं पीड़ित का कहना है कि वह मीडिया के सामने कुछ नहीं बोलना चाहती। उसने संगठन के सामने पक्ष रख दिया है।
इस मुद्दे पर कांग्रेस एग्रेसिव नजर आ रही है। महिला कांग्रेस 20 मार्च को यानी आज BJP दफ्तर घेरने की योजना बना रही है, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते प्रशासन ने भोपाल में धारा 144 लागू कर रखी है। इस वजह से प्रदर्शन की परमिशन नहीं दी जा रही। इसे लेकर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष संतोष कंषाना ने कहा कि BJP ऑफिस में दो बच्चियों के साथ शर्मनाक घटना हुई है।
BJP प्रदेश मंत्री ने घटना से किया इंकार
BJP(बीजेपी)के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने इस बात से इनकार किया है कि युवती ने उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी है। सबनानी ने कहा कि युवती ने संगठन में किस पदाधिकारी से शिकायत की है, इसकी जानकारी नहीं है। अभी जांच शुरू नहीं की है। लाइब्रेरी में आने-जाने वालों से बात कर सच्चाई का पता लगाया जाएगा। जो तथ्य सामने आएंगे, उनके मुताबिक ही कार्रवाई की जाएगी।
क्या है पूरा मामला
एक युवती का आरोप है कि BJP(बीजेपी)ऑफिस की लाइब्रेरी में बुजुर्ग कार्यकर्ता ने उससे छेड़छाड़ की। इस आरोप के साथ युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में युवती ने खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताया है। उसने कहा वह संगठन के बारे में बेहतर तरीके से जानने के लिए BJP(बीजेपी)दफ्तर स्थित नानाजी देशमुख लाइब्रेरी में जाती थी। 12 मार्च को वह बुजुर्ग पास आकर छेड़छाड़ करने लगा। वह कहता था कि तुम्हारे पास मोटरसाइकिल है, तो घर तक छोड़ दिया करो। वह लाइब्रेरी में आने वाली मेरी सहेली पर भी डोरे डालने की कोशिश कर चुका है।