बुलंद सोच, भोपाल।
एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शनिवार को भोपाल में अपना बेस स्टेशन शुरू कर दिया है। इस पहल से भोपाल से दिल्ली एवं मुंबई का हवाई कनेक्शन मजबूत हुआ है।
कंपनी ने दिल्ली के लिए दो और मुंबई के लिए एक उड़ान शुरू की है।
पहली उड़ान दिल्ली से दोपहर 12.10 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पर पहुंची, जिसका एयरपोर्ट अथॉरिटी के फायर अमले ने ‘वाटर सैल्यूट’ के साथ स्वागत किया।
एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी एवं एआई एक्सप्रेस प्रबंधन ने भोपाल से दिल्ली जा रहे यात्रियों को बोर्डिंग पास देकर बेस स्टेशन का औपचारिक शुभारंभ किया और इस अवसर पर केक भी काटा गया।
कंपनी दिल्ली एवं मुंबई रूट पर बोइंग एवं एयर बस स्तर के विमानों का संचालन करेगी। पहले दिन कंपनी को दिल्ली एवं मुंबई उड़ानों में 80 प्रतिशत पैसेंजर लोड मिला।
कंपनी ने एयरपोर्ट पर बुकिंग ऑफिस भी शुरू कर दिया है। इन अतिरिक्त उड़ानों के शुरू होने से आने वाले समय में इस रूट पर यात्रियों को प्रतिस्पर्धा वाले किराये में सीट मिलने की संभावना है।
इन उड़ानों की शुरुआत के साथ ही भोपाल से दिल्ली तक कुल पांच और मुंबई तक तीन उड़ानें हो गई हैं।
भविष्य की योजनाएँ
जानकारी के अनुसार, भविष्य में भोपाल से एयर इंडिया की जगह एआई एक्सप्रेस की उड़ानें संचालित होंगी। एआई एक्सप्रेस ने उड़ानें शुरू करने के लिए काफी समय पहले ही स्लॉट ले लिया था।
कंपनी दूसरे शहरों की उड़ानें भी प्रारंभ कर सकती है।
उड़ानों का नया शेड्यूल
भोपाल-दिल्ली उड़ान संख्या आईएक्स 1789 एवं 1790 का एक अगस्त से प्रभावी शेड्यूल इस प्रकार है: दिल्ली से प्रस्थान सुबह 10.40 बजे, भोपाल आगमन दोपहर 12.05 बजे, भोपाल से प्रस्थान दोपहर 12.45 बजे और दिल्ली आगमन दोपहर 02.15 बजे।
भोपाल-दिल्ली उड़ान संख्या आईएक्स 1791 एवं 1792 का शेड्यूल इस प्रकार है: दिल्ली से प्रस्थान दोपहर 03.05 बजे, भोपाल आगमन शाम 04.30 बजे, भोपाल से प्रस्थान शाम 05.10 बजे और दिल्ली आगमन शाम 06.40 बजे।
भोपाल-मुंबई उड़ान संख्या आईएक्स 1788 एवं 1798 का शेड्यूल (1 अगस्त से प्रभावी) इस प्रकार है: मुंबई से प्रस्थान सुबह 11.20 बजे, भोपाल आगमन दोपहर 01.00 बजे, भोपाल से प्रस्थान दोपहर 01.40 बजे और मुंबई आगमन दोपहर 03.25 बजे।

