बुलंद सोच।
पुदुचेरी के मेट्टूपालयम लॉरी टर्मिनल के पास भारी बारिश के कारण एक दीवार ढह गई है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए दमकल विभाग की टीम और स्थानीय निवासी संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। पुदुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
सेना प्रमुख 16 अगस्त से नेपाल दौरे पर
सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 16 अगस्त से नेपाल की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर काठमांडू जाएंगे। यह दौरा नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल के निमंत्रण पर हो रहा है। नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल नेपाली सेना के जनरल की मानद उपाधि प्रदान करेंगे। भारत और नेपाल के बीच एक-दूसरे के सेना प्रमुखों को मानद जनरल रैंक से सम्मानित करने की सात दशक पुरानी परंपरा है। हाल के राजनीतिक परिवर्तनों के बाद भारत और नेपाल के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग को मजबूत बनाए रखने के लिहाज से यह यात्रा अहम होगी। भारत और नेपाल के बीच कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा जैसे सीमाई मुद्दों पर बीच-बीच में कूटनीतिक चर्चाएं होती रही हैं, ऐसे समय में सैन्य स्तर पर यह जुड़ाव विश्वास बहाली बनाए रखने में मदद करेगा। पिछले कुछ समय में नेपाल में चीन की पैठ तेजी से बढ़ी है, जहां चीन अपने बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव और ट्रांस-हिमालयन कनेक्टिविटी के तहत नेपाल में बुनियादी ढांचे, रेलवे, सुरंगों और जलविद्युत परियोजनाओं में लगातार निवेश कर रहा है। नेपाल के साथ भारत के भरोसेमंद संबंधों के बीच चीन की दखल संतुलित करने के लिए भी उच्च स्तरीय संवाद आवश्यक है।
बंगाल में इंजीनियर रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया
पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले में गुरुवार को एक सरकारी इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया। उन पर सरकारी निर्माण परियोजना के बिल को मंजूरी देने के बदले में 2 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। जाम्बोनी ब्लॉक विकास कार्यालय में उप-सहायक अभियंता के पद पर तैनात विमल साहा को भ्रष्टाचार विरोधी शाखा (एसीबी) द्वारा बिछाए गए जाल में रंगे हाथों पकड़ा गया। एक उप-ठेकेदार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साहा ने भुगतान जारी करने के बदले पैसे की मांग की थी। शिकायत के अनुसार, एक उप-स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो चुका था, लेकिन बिल कथित तौर पर रोक दिया गया था। साहा ने कथित तौर पर भुगतान को मंजूरी देने और जारी करने के लिए 2 लाख रुपये की मांग की थी। एसीबी कर्मियों ने साहा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। अधिकारियों ने बताया कि उसके पास से 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या कथित रिश्वतखोरी में कोई अन्य अधिकारी भी शामिल थे।

