BREAKING NEWS
2026-08-07

भोपाल-पटना के बीच 10 अगस्त से सीधी उड़ान शुरू

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

पूर्व में एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी रही एलायंस एयर पहली बार भोपाल का पटना से हवाई कनेक्शन जोड़ने जा रही है। कंपनी 10 अगस्त से भोपाल-पटना के बीच उड़ान शुरू कर रही है।
इस उड़ान का संचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा। एलायंस एयर अब एक सरकारी कंपनी है।
कंपनी ने दो दिन पहले ही भोपाल से रीवा एवं कोलकाता उड़ान शुरू करने की घोषणा की थी, जिसके बाद अब पटना को भी जोड़ा जा रहा है।
पटना रूट पर 72 सीटों वाला एटीआर विमान चलाया जाएगा। इस रूट पर रविवार, सोमवार एवं बुधवार को उड़ान संचालित की जाएगी।

Advertisement

एयरपोर्ट पर बुकिंग कार्यालय

कंपनी जल्द ही राजा भोज एयरपोर्ट पर बुकिंग कार्यालय खोलेगी।
एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी के अनुसार, कंपनी ने शेड्यूल जारी कर दिया है, लेकिन अभी स्थान आवंटन नहीं कराया है। यह प्रक्रिया एक-दो दिन में पूरी होने की संभावना है।

यात्रियों को मिलेगी सुविधा

भोपाल से बिहार का यह पहला सीधा हवाई कनेक्शन होगा। यहां से पहले कभी पटना की सीधी उड़ान शुरू नहीं हुई थी।
रिश्तेदारी के लिहाज से पटना जाने वालों को अब सुविधा मिलेगी। पटना सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली भी है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु तख्त श्री पटना साहिब के दर्शन करने जाते हैं। अब उन्हें भी सुविधा हो जाएगी।
इस उड़ान में शुरुआती किराया चार से पांच हजार रुपये के बीच होगा।

उड़ान का समय-सारणी

उड़ान संख्या 9आई 933 एवं 934 का 10 अगस्त से प्रभावी शेड्यूल जारी किया गया है।
पटना से प्रस्थान दोपहर 1.45 बजे होगा और भोपाल आगमन शाम 4.15 बजे होगा।
भोपाल से प्रस्थान शाम 5.05 बजे होगा और पटना आगमन शाम 7.35 बजे होगा।