बुलंद सोच, अमरपाटन।
मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अमरपाटन थाना क्षेत्र निवासी एक युवक पर ऑनलाइन फ्री फायर खेल के जरिए अहमदाबाद निवासी एक पंद्रह वर्षीय नाबालिग को अपने प्रेम जाल में फंसाने और उसे अहमदाबाद से अपने साथ भगा लाने का आरोप है।
गुजरात पुलिस की कार्रवाई
गुजरात पुलिस ने इस संबंध में अपहरण, बलात्कार और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने शनिवार को आरोपित युवक शिव शांत (उम्र 20 वर्ष) को गिरफ्तार कर अपने साथ अहमदाबाद ले गई है।
प्रेम जाल में फंसाकर अपहरण
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक शिव शांत ने फ्री फायर खेल के जरिए नाबालिग से दोस्ती की थी। दोस्ती के बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। इसी का फायदा उठाकर आरोपित युवक गुजरात के अहमदाबाद पहुंचा और नाबालिग को प्रेम जाल में फंसा कर अपने साथ मध्य प्रदेश के रीवा ले आया।
रीवा में दुष्कर्म और पीड़िता की बरामदगी
रीवा में आरोपित ने किराए के कमरे में नाबालिग को रखकर कई दिनों तक उसके साथ बलात्कार किया। हालांकि, किशोरी की गुमशुदगी रिपोर्ट पर खोजबीन करते हुए अहमदाबाद पुलिस ने नाबालिग को रीवा से दस्तयाब कर उसके स्वजनों को सुपुर्द कर दिया था। उस समय युवक फरार हो गया था।
आरोपित की गिरफ्तारी
फरार चल रहे आरोपित युवक की तलाश में गुजरात पुलिस अहमदाबाद से अमरपाटन पहुंची थी। शनिवार को तलाशी के दौरान आरोपित शिव शांत (उम्र 20 वर्ष) को अमरपाटन पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर गुजरात पुलिस अपने साथ अहमदाबाद ले गई।

