BREAKING NEWS
2026-10-17

ग्वालियर में कुल्हाड़ी से कुत्ते पर हमला, मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र की पीएचई कॉलोनी में सोमवार शाम एक व्यक्ति द्वारा कुत्ते पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, हमले के बाद कुत्ता करीब 15 मिनट तक तड़पता रहा और फिर उसकी मौत हो गई।

Advertisement

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति कुत्ते को दौड़ाकर उस पर कुल्हाड़ी से वार करता दिखाई दे रहा है। आरोपी ने दूसरे कुत्ते पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

पीएचई कॉलोनी निवासी नरेंद्र अहिरवार के अनुसार, सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे वह अपने घर के बाहर बैठे थे। उनके परिवार की महिलाएं और बच्चे भी आसपास मौजूद थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी होमी जाटव हाथ में कुल्हाड़ी लेकर कॉलोनी में घूम रहे कुत्तों के पीछे दौड़ने लगे।

नरेंद्र का आरोप है कि होमी जाटव ने एक कुत्ते को दौड़ाकर पकड़ लिया और उस पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। पहले वार में कुत्ता जमीन पर गिर गया, और उसके बाद भी उस पर हमला जारी रखा गया। घायल कुत्ता मौके पर ही तड़पते हुए मर गया।

इसके बाद आरोपी ने दूसरे कुत्ते को भी कुल्हाड़ी से मारने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया। कॉलोनी के लोगों के अनुसार, वे इन कुत्तों को खाना खिलाते हैं। नरेंद्र ने बताया कि हमले के दौरान उनके छोटे भाई की पत्नी भी चपेट में आने से बाल-बाल बचीं और उन्होंने घर के अंदर जाकर खुद को सुरक्षित किया। नरेंद्र ने आरोपित को रोकने का प्रयास किया तो वह उनसे विवाद करने लगा।

घटना के बाद नरेंद्र अहिरवार ने हजीरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि होमी जाटव आए दिन विवाद करता है और हथियार लेकर लोगों को डराता है। सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कुत्ते को मारता दिखाई दे रहा है। इस संबंध में पीएचई कॉलोनी निवासी रोशनी नाम की महिला ने भी हजीरा थाने में आवेदन दिया है। पुलिस वीडियो का सत्यापन कर रही है। प्रथम दृष्टया वीडियो में कुत्ते को मारने की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है और जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।