बुलंद सोच, इंदौर।

आबकारी विभाग ने इंदौर के रामबाग क्षेत्र में एक मकान में संचालित अवैध भांग निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार को की गई।
टीम ने मौके से कुल 67 किलोग्राम भांग जब्त की, जिसमें 52 किलो गीली और 15 किलो सूखी भांग शामिल है। इसके अतिरिक्त, भांग तैयार करने में उपयोग होने वाली दो मिक्सर मशीनें, एक बड़ी मोटर और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 96 हजार रुपए है। इस मामले में 28 वर्षीय सन्नी पिता सत्यनारायण को आरोपित बनाया गया है।
आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विभाग यह भी पड़ताल कर रहा है कि भांग कहां से लाई जा रही थी और किन लोगों को बेची जा रही थी।
सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि अवैध कारोबार पर विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अवैध भांग या अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, संग्रहण और बिक्री से संबंधित सूचना विभाग को देने की अपील की है, जिसमें सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

