BREAKING NEWS

जबलपुर संभाग में 67 बसें चलेंगी, 14 इंटरसिटी और 53 इंट्रासिटी शामिल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

लोक परिवहन व्यवस्था के तहत पहले चरण में जबलपुर संभाग सहित कुल 67 बसें संचालित की जाएंगी। इनमें 14 इंटरसिटी और शेष इंट्रासिटी बसें शामिल होंगी।

Advertisement

इन यात्री बसों के लिए प्रारंभिक रूप से संभाग के आठ रूटों का चयन किया गया है। इसके अंतर्गत जबलपुर से रीवा, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और सागर के लिए सीधी यात्री बसें संचालित होंगी।

शुक्रवार को भोपाल में सुगम परिवहन की इन बसों को हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की घोषणा की जाएगी।

जबलपुर संभाग में संचालित होने वाली यात्री बसों के एक-दो दिन में शहर पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद संबंधित मार्गों पर नई परिवहन सेवा प्रारंभ कर दी जाएगी।

यात्रियों को मिलेगी राहत

इस नई सेवा के साथ जबलपुर में स्थानीय स्तर पर इंट्रासिटी बसें चलने से सार्वजनिक परिवहन सेवा और सुदृढ़ हो जाएगी। इसके साथ ही निजी बस संचालकों की मनमानी और बढ़े किराए से भी यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

वर्तमान में जबलपुर से रीवा, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, नागपुर, सागर सहित विभिन्न मार्गों पर लगभग 400 निजी बसें संचालित होती हैं। नई बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को प्रमुख शहरों और जिलों के बीच आवागमन के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा, जिससे निजी बसों पर निर्भरता कम होगी और वैकल्पिक यात्री सेवा उपलब्ध होगी।

स्थानीय सफर होगा आसान

जबलपुर शहर में 53 इंट्रासिटी बसों के संचालन से स्थानीय सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। फिलहाल शहर में 40 ई-बसें संचालित हो रही हैं।

इन ई-बसों के साथ नॉन-एसी इंट्रासिटी बसें शुरू होने पर शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवागमन के लिए यात्रियों के पास अधिक विकल्प होंगे। नई बस सेवा से ऑटो और ई-रिक्शा पर निर्भरता कम होने तथा स्थानीय यात्रियों को अपेक्षाकृत सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, प्रमुख मार्गों पर किराए और परिवहन विकल्पों को लेकर यात्रियों को राहत मिल सकती है।