बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल रेलवे स्टेशन से नादरा बस स्टैंड तक बनने वाले मेट्रो के भूमिगत कॉरिडोर का पहला पड़ाव आधा सफर तय कर चुका है। अल्पना तिराहा से लेकर आरा मशीन के बीच निर्माणाधीन 500 मीटर की ट्विन टनल का 50 प्रतिशत काम छह माह में पूरा हो पाया है। इस हिस्से में दोनों तरफ से चल रही खोदाई के तहत पहली टनल 270 मीटर और दूसरी टनल 230 मीटर बनकर तैयार है। जमीन के लगभग 24 मीटर नीचे टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) से ट्विन टनल बनाने के लिए खोदाई चल रही है। शुरुआती दौर में भोपाल रेलवे स्टेशन की तरफ से टीबीएम से खोदाई शुरू हुई थी, तब इसकी रफ्तार काफी धीमी थी। हालांकि, अब तकनीकी संतुलन बनने के बाद टीबीएम तय मानकों की गति से काम कर रही है, जिससे बचे हुए हिस्से को समय सीमा में पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है।
परियोजना की समय-सीमा
अंडरग्राउंड कॉरिडोर पर ट्विन टनल के निर्माण की शुरुआत 31 मार्च 2025 को की गई थी, जिसे अब करीब छह महीने पूरे हो रहे हैं। मेट्रो प्रबंधन का कहना है कि शहर में ऑरेंज लाइन और ब्लू लाइन को कमर्शियल रूप से शुरू करने के लिए वर्ष 2028 का अंतिम लक्ष्य तय किया गया है। मेट्रो के पैकेज बीएच-04 के तहत ऑरेंज लाइन के कुल 3.39 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड कॉरिडोर का निर्माण किया जाना है। पहले चरण में भोपाल रेलवे स्टेशन अल्पना तिराहा से आरा मशीन तक 500 मीटर हिस्से पर निर्माण कार्य चल रहा है। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, पहले चरण का शेष काम अगले तीन से चार महीनों में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद दूसरे चरण की शुरुआत होगी, जिसमें भोपाल रेलवे स्टेशन से नादरा बस स्टैंड तक ट्विन टनल बनाने के लिए खोदाई की जाएगी।

