बुलंद सोच, मंडला।
मंडला की नारायणगंज तहसील के चिरईडोगरी गांव में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। मंगलवार को साप्ताहिक बाजार के दौरान कुत्तों ने बड़ी संख्या में लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब दो दर्जन लोग कुत्तों के काटने का शिकार हुए, जिनमें आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
लगातार हो रहे इन हमलों से गांव में दहशत का माहौल है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बुधवार को गांव के शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखे गए।
दो-तीन दिनों से कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ रही थीं, लेकिन मंगलवार को बाजार दिवस होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में हमले बढ़ गए। इसी दौरान एक मासूम बच्चे पर भी कुत्तों ने हमला करने का प्रयास किया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से उसे सुरक्षित बचा लिया गया।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि विद्यालय परिसर में बाउंड्रीवाल नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। इस संबंध में प्रशासन को भी अवगत कराया जा चुका है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़ने और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

