बुलंद सोच, मुरैना।
मुरैना जिले के जौरा के वार्ड एक में एक गंभीर घटना सामने आई है। बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करने पर दबंगों ने लड़की के घर पर पथराव किया और उसके पिता के सिर पर फरसे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता के पिता, जिनका नाम देवी है और जो जौरा के वार्ड नंबर देवी पुरी के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। वे घर में अपनी 12वीं में पढ़ने वाली बेटी के साथ रहते हैं। उनकी बेटी कोचिंग जाती है, जहां पास में ही रहने वाला एक लड़का उसे परेशान करता था। वह लड़की से बात करने के लिए धमकाता था और उसका मोबाइल नंबर मांगता था।
जब लड़की ने मोबाइल नंबर नहीं दिया, तो लड़के ने उसे चांटा मार दिया और उसका मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद पिता ने इस घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी।
पुलिस कार्रवाई और दबंगों का हमला
शिकायत के बाद, पुलिस एक वारंट की तामील करने मोहल्ले में आई। पुलिस को घर पर आरोपी लड़का नहीं मिला, लेकिन उन्हें एक बिना नंबर की बाइक मिली। देवी ने पुलिस को बताया कि यह बाइक उसी आरोपी की है, जो उनकी बेटी को परेशान करता है। पुलिस आरोपी को नहीं ढूंढ पाई, लेकिन उसकी बाइक जब्त कर ले गई।
इसके कुछ ही देर बाद, आरोपी रजनीश गुर्जर, पप्पू गुर्जर, करुआ गुर्जर, संतोष गुर्जर और संदीप गुर्जर ने देवी के घर पर पथराव करना शुरू कर दिया। देवी की बेटी ने पथराव करते हुए आरोपियों का वीडियो बना लिया।
पथराव के बाद, आरोपियों ने देवी के साथ मारपीट की और इसी दौरान उसके सिर में फरसा मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

