BREAKING NEWS
2026-10-17

राहुल गांधी की इंदौर सभा के लिए रीजनल पार्क में तैयारियां शुरू, वाटरप्रूफ डोम बनाए जा रहे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए इंदौर के रीजनल पार्क मैदान में तैयारियां शुरू हो गई हैं।

19 सितंबर को बारिश के मौसम की वजह से आयोजन प्रभावित न हो, इसके लिए वाटरप्रूफ डोम बनाए जा रहे हैं। हालांकि, गीला मैदान अभी भी आयोजकों के लिए एक चुनौती बना हुआ है। मंगलवार को निकली तेज धूप ने आयोजकों को कुछ राहत दी है।

Advertisement

कार्यक्रम के लिए 50 हजार वर्गफीट में अलग-अलग डोम तैयार हो रहे हैं, जिनमें एक लाख लोगों के बैठने की क्षमता होगी। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि अब तक इस आयोजन के लिए डेढ़ लाख पंजीकरण हो चुके हैं।

कार्यक्रम का निर्धारित समय शाम पांच बजे है, लेकिन इसके शाम छह बजे तक शुरू होने की संभावना है। राहुल गांधी से पहले गायक राघव और रैपर लश-करी अपनी प्रस्तुति देंगे।

राहुल गांधी रात साढ़े सात बजे के बाद मंच पर पहुंचेंगे। मंच पर कुर्सियां नहीं लगाई जाएंगी। राहुल गांधी सीधे मंच पर पहुंचकर जेन-ज़ी (Gen-Z) से संवाद करेंगे।

कांग्रेस के अन्य नेता मंच पर मौजूद नहीं रहेंगे। उनके बैठने की व्यवस्था एक अलग डोम में की गई है।

इंदौर विकास प्राधिकरण ने इस आयोजन के लिए कांग्रेस को रीजनल पार्क मैदान तीन दिन की अस्थायी लीज पर दिया है। इसके लिए जीएसटी सहित 10 लाख रुपये की राशि ली गई है।

कांग्रेस नेताओं ने आयोजन के लिए पहले नेहरू स्टेडियम की मांग की थी, लेकिन नगर निगम ने अदालत का हवाला देते हुए स्टेडियम देने से इनकार कर दिया था।