BREAKING NEWS
2026-08-10

सतना में नाबालिग ने नवजात को जन्म दिया, युवक पर पॉक्सो जांच की तैयारी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सतना।

जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के आदिवासी अंचल के एक गांव में एक संवेदनशील मामला सामने आया है। पेट दर्द की शिकायत के बाद गुरुवार देर रात एक अविवाहित नाबालिग किशोरी को उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में किशोरी ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जच्चा और बच्चा दोनों की स्थिति सामान्य और सुरक्षित है।

Advertisement

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोरी के गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद गांव के ही लगभग 25 वर्षीय युवक का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच संबंध थे। चूंकि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए यह मामला गंभीर आपराधिक श्रेणी में आता है और इसमें सहमति का प्रश्न कानूनी रूप से मान्य नहीं होता है।

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को दोनों पक्ष उचेहरा थाने पहुंचे। स्थानीय स्तर पर समझौते की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, ऐसे मामलों में यदि पीड़िता नाबालिग है, तो दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत अपराध समझौते से समाप्त नहीं किया जा सकता। पुलिस को विधि अनुसार मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करनी होती है।

फिलहाल, कार्रवाई के संबंध में थाना प्रभारी हरीश मिश्रा से संपर्क करने का कई मर्तबा प्रयास किया गया, लेकिन थाना प्रभारी ने फोन रिसीव नहीं किया।