बुलंद सोच, उज्जैन।

उज्जैन में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एक विवाहित महिला से दुष्कर्म करने और उसे ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। इस धमकी के बल पर महिला से लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी ऐंठ ली गई। इसके बाद भी आरोपी लगातार रुपयों की मांग कर रहा था। पीड़िता की शिकायत पर चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि थाना क्षेत्र की एक विवाहित महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी सोशल मीडिया इंस्टाग्राम के माध्यम से नागदा के प्रकाश नगर निवासी दुर्गेश परमार से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ ही दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
इसी दौरान दुर्गेश परमार कई बार उज्जैन आया और महिला से मुलाकात की। आरोप है कि उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया तथा घूमने के दौरान उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इन्हीं फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर महिला से लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी ले ली। इसके बाद भी वह लगातार और रुपयों की मांग करता रहा।
परेशान होकर महिला ने पुलिस की शरण ली। शिकायत के आधार पर चिमनगंज मंडी पुलिस ने आरोपी दुर्गेश परमार के विरुद्ध दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

