बुलंद सोच, इंदौर।
सदर बाजार पुलिस ने पूर्व पार्षद अनवर कादरी उर्फ अनवर डकैत को फर्जी आर्म्स लाइसेंस मामले में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हाल ही में न्यायालय से जमानत मिली थी, जिसके बाद जेल से बाहर आते ही पुलिस ने उसे पुराने प्रकरण में गिरफ्तार कर लिया।
दो दर्जन आपराधिक मामलों में लिप्त अनवर ने जम्मू-कश्मीर से कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पिस्टल का आर्म्स लाइसेंस बनवाया था। इसी लाइसेंस के संबंध में दर्ज प्रकरण में सदर बाजार पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस ने लाइसेंस बनवाने में शामिल लोगों की भूमिका और लाइसेंस में लगाए गए दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
डीसीपी जोन-1 नरेंद्रसिंह रावत के अनुसार, भिस्ती मोहल्ला निवासी अनवर के विरुद्ध पिछले साल सितंबर में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोपित पर आपराधिक प्रकरणों की जानकारी छुपाकर कठुआ (जम्मू कश्मीर) से नकली दस्तावेजों के आधार पर 12 बोर बंदूक का लाइसेंस बनवाने का आरोप है। बाद में अनवर ने पिस्तौल का लाइसेंस भी ले लिया था।
उल्लेखनीय है कि अनवर डकैत का नाम पहले से चर्चित लव जिहाद फंडिंग मामले में भी सामने आ चुका है। ऐसे में उसकी दोबारा गिरफ्तारी को पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फर्जी आर्म्स लाइसेंस नेटवर्क की परतों को खोलने में जुटी है।

