BREAKING NEWS

रीवा-रानी कमलापति वंदे भारत एक्सप्रेस में 75 दिनों के लिए 16 कोच का संचालन

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

गाड़ी संख्या 20174/20173 रीवा-रानी कमलापति-रीवा वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को रक्षाबंधन और आगामी त्योहारी सीजन के दौरान बड़ी राहत मिलने वाली है। रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन की रेक संरचना में 75 दिनों के लिए अस्थायी बदलाव करने का निर्णय लिया है।

Advertisement

दोगुनी होगी सीटों की संख्या

सात अगस्त से 24 अक्टूबर 2026 तक 16 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस रेक का संचालन किया जाएगा। 16 कोच के इस रैक के संचालन से ट्रेन में सीटों की संख्या लगभग दोगुनी हो जाएगी।

रखरखाव के लिए झांसी जाएगा पुराना रैक

वर्तमान में इस ट्रेन का संचालन आठ कोच वाले वंदे भारत रैक से किया जाता है, जिसमें सात चेयर कार और एक एक्जीक्यूटिव चेयर कार शामिल है। इस रैक को नियमित रखरखाव और मरम्मत कार्य के लिए झांसी वर्कशाप भेजा जा रहा है।

वैकल्पिक रेक का उपयोग

संबंधित अवधि में वैकल्पिक रेक के रूप में 16 कोच वाले वंदे भारत रेक का उपयोग होगा। यह वैकल्पिक रेक रीवा पहुंच चुका है।

त्योहारी सीजन में यात्रियों को लाभ

आने वाले दिनों में रक्षाबंधन, गणेशोत्सव और दशहरा जैसे प्रमुख त्योहार हैं। वैकल्पिक रेक की दोगुनी क्षमता वाली सीटों से त्योहारी सीजन के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक संख्या में आरक्षित सीटें उपलब्ध हो सकेंगी। इससे वेटिंग लिस्ट कम होने की संभावना रहेगी और अंतिम समय में टिकट मिलने की उम्मीद भी बढ़ेगी। साथ ही, अधिक कोच होने से यात्रियों को बैठने में सुविधा मिलेगी एवं भीड़ का दबाव भी कम होगा।

महाकोशल और विंध्य क्षेत्र को लाभ

यह वंदे भारत एक्सप्रेस इटारसी, जबलपुर और कटनी होकर रीवा तथा रानी कमलापति (भोपाल) के बीच संचालित होती है। इससे महाकोशल और विंध्य क्षेत्र के हजारों यात्रियों को प्रतिदिन तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलता है।