बुलंद सोच, अशोकनगर।

गुरुवार को अशोकनगर जिले के पिपरई नगर में मुंगावली रोड स्थित जवाहर फिलिंग पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाते समय एक मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के किसान रफीक मोहम्मद अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने के लिए इस पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
कर्मचारियों की सूझबूझ
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बिना घबराए तत्काल अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) का उपयोग कर आग पर काबू पा लिया। कुछ ही मिनटों में आग पूरी तरह बुझा दी गई, जिससे आग फैलने से पहले ही स्थिति नियंत्रण में आ गई। गनीमत रही कि पेट्रोल पंप पर अग्निशमन के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध थे और कर्मचारियों को उनका उपयोग करना आता था। उनकी तत्परता और सतर्कता के कारण किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा आर्थिक नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद लोगों ने कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

