BREAKING NEWS
2026-10-17

अटल सागर मड़ीखेड़ा बांध के चार गेट खुले, सिंध नदी का जलस्तर बढ़ा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भितरवार।

अटल सागर मड़ीखेड़ा बांध में लगातार हो रही जल आवक और बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के उद्देश्य से रविवार दोपहर चार जलद्वार खोले गए। बांध के जलद्वारों से पानी छोड़े जाने के बाद नरवर स्थित मोहनी पिकअप वियर के गेट भी खोलकर सिंध नदी में पानी की निकासी की गई।

Advertisement

सिंध नदी का बहाव धूमेश्वर महादेव धाम क्षेत्र में एक बार फिर तेज हो गया है और नदी उफान पर आ गई है। स्थानीय प्रशासन ने भितरवार क्षेत्र के नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।

जल संसाधन विभाग द्वारा रविवार शाम चार बजे दी गई जानकारी के अनुसार, मड़ीखेड़ा बांध का जलस्तर 346.15 मीटर दर्ज किया गया, जबकि पूर्ण जलभराव स्तर 346.25 मीटर है। बांध में कुल 827.88 एमसीएम यानी 99.17 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है।

बढ़ते जलस्तर को स्थिर रखने के लिए दोपहर तीन बजे गेट क्रमांक पांच और छह को एक-एक मीटर तथा गेट क्रमांक चार और सात को आधा-आधा मीटर खोला गया। चारों गेटों की कुल ओपनिंग तीन मीटर रही।

इन चारों गेटों से 411.358 क्यूमेक्स पानी की निकासी प्रति सेकंड हो रही है। इसके अतिरिक्त, पावर हाउस से 135.42 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा था। इस प्रकार, मड़ीखेड़ा बांध से कुल आउटफ्लो 546.778 क्यूमेक्स यानी कुल 19307 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज दर्ज किया गया।