BREAKING NEWS

बम्हनी में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, किसान राजेश हरदहा घायल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मंडला।

नगर परिषद बम्हनी में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में वार्ड नंबर 4 के निवासी राजेश हरदहा पर स्ट्रीट डॉग्स ने हमला कर दिया। वे अपने खेत जा रहे थे, तभी कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनका पैर जख्मी हो गया। इससे पहले भी नगर में स्ट्रीट डॉग्स के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

Advertisement

समस्या का कारण

वार्ड पार्षद और स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर परिषद द्वारा वार्ड नंबर 4 में कचरा डंप किया जाता है। इसी कचरे के साथ मुर्गा मार्केट का अपशिष्ट भी यहीं फेंका जाता है। सड़ी-गली चीजों की गंध के कारण यहां आवारा कुत्तों का एक बड़ा जमावड़ा लग गया है। इस इलाके में दिनभर 20-25 कुत्ते मंडराते रहते हैं।

नागरिकों की मांग

पीड़ित किसान के परिजनों और वार्डवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि नगर की सबसे बड़ी समस्या अब स्ट्रीट डॉग्स बन गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़कर नगर से बाहर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए। इसके अतिरिक्त, सभी कुत्तों का अनिवार्य टीकाकरण और नसबंदी अभियान चलाया जाए तथा मुर्गा मार्केट के अपशिष्ट और कचरे के निपटान के लिए अलग व्यवस्था की जाए। वार्ड 6 के निवासी सतीष हरदहा ने बताया कि उन्हें हर दिन डर के साए में जीना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।