बुलंद सोच, गुना।
गुना के राघौगढ़ क्षेत्र में सार्वजनिक बदनामी से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद एक किसान अजोड़ सिंह बंजारा (45) ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना जंजाली चौकी क्षेत्र के होरिबे गांव की है।
लगभग डेढ़ महीने पहले गांव की एक शादीशुदा महिला अपने घर से चली गई थी। आरोप था कि वह गांव के ही एक युवक के साथ गई है। महिला के ससुराल पक्ष को शक था कि इस पूरे मामले में युवक के चाचा, किसान अजोड़ सिंह बंजारा की भूमिका थी।
इसी शक के चलते कुछ लोगों ने किसान अजोड़ सिंह को उनके घर से उठा लिया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद पीड़ित के साथ घंटों मारपीट की गई। उन्हें बंधक बनाकर गले में जूतों-चप्पलों की माला डाली गई और पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया था।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और अजोड़ सिंह को भीड़ से छुड़ाकर ले गई थी। पीड़ित किसान ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी थी।
कुछ दिनों बाद यह मामला थम गया था, लेकिन पीड़ित का जख्म नहीं भरा। आरोप है कि सवा महीने (45 दिन) बाद उन्हीं आरोपियों ने वह पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद वीडियो वायरल हो गया।
पीड़ित अजोड़ सिंह को भी इस खबर का पता चला। परिजनों के अनुसार, वीडियो देखने के बाद पीड़ित गहरे अवसाद में चले गए थे। उनके चचेरे भाई तोफान सिंह ने बताया कि अजोड़ कहने लगे थे कि अब लोग मुझ पर उंगली उठाएंगे, हंसेंगे। मैं समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं बचा, मुझे जीना नहीं है।
इतना कहकर अजोड़ सिंह ने कथित तौर पर कीटनाशक पी लिया। परिजन आनन-फानन में उन्हें पहले राघौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर देखकर उन्हें जिला अस्पताल गुना रेफर किया गया, लेकिन गुना ले जाते समय रास्ते में ही अजोड़ सिंह ने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद पुलिस ने पुराने मामले के साथ-साथ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में भी प्रकरण दर्ज किया है। डायल-112 के पास पहले से इस घटना की शिकायत दर्ज थी। अब पुलिस वायरल वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने के साथ आरोपियों की पहचान कर रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी शुरू हो गई है।
घटना के बाद होरिबे गांव में सन्नाटा पसरा है और अजोड़ सिंह के घर में मातम छाया हुआ है। उनकी पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण कह रहे हैं कि अजोड़ सीधा-सादा किसान था और उसे इस तरह निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए था। गुना पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

