बुलंद सोच, कटनी।

कटनी के वर्ष 2022 के बहुचर्चित मणिप्पुरम बैंक डकैती मामले में रंगनाथ नगर पुलिस की टीम ओडिशा के संबलपुर जेल में बंद तीन आरोपितों को प्रोटक्शन वारंट पर कटनी लाई है। इन आरोपितों से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह घटना 26 नवंबर 2022 को सुबह 10:30 बजे रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के बरगवां स्थित मणिप्पुरम बैंक में हुई थी। उस दिन छह हथियारबंद बदमाश बैंक में घुसे थे। बदमाशों ने हथियारों के बल पर बैंक कर्मचारियों को डराया और मारपीट करते हुए लॉकर खुलवाए। इसके बाद वे लॉकर में रखा लगभग 16 किलोग्राम सोना लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए कुंडम के पास घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ा था।
संबलपुर जेल से लाए गए तीन आरोपितों में बिहार के अर्जुन उर्फ पीयूष जायसवाल (25 वर्ष, निवासी सादल मैरिज गार्डन, थाना बहादुरपुर, पटना) और अखिलेश उर्फ विकास उर्फ जान राइट (25 वर्ष, निवासी राजापाकर, तहसील हाजीपुर, वैशाली) शामिल हैं। तीसरा आरोपित पश्चिम बंगाल का अनुज कुमार शाव उर्फ आकाश (42 वर्ष, निवासी पलासीडीहा, पोस्ट दुर्जनपुर, थाना दुर्गापुर, पश्चिम वर्धमान) है।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें पूछताछ के लिए तीन सितंबर तक की रिमांड पर भेजा है।
डीएसपी शिवा पाठक ने बताया कि आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए आरोपितों में अनुज उर्फ आकाश शाव डकैती के बाद सोना लेकर भागा था, जबकि अन्य आरोपित इस मामले में उसके सहयोगी थे।

