BREAKING NEWS
2026-10-17

डबरा: जनसमस्याओं की अनदेखी पर पार्षदों ने भैंस के आगे बैंड बजाकर किया प्रदर्शन

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, डबरा।

डबरा नगर पालिका में जनसमस्याओं और विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर पार्षदों का अनोखा प्रदर्शन सामने आया है। पिछले दो दिनों से नगर पालिका परिषद कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे एक दर्जन से अधिक पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष और प्रशासन के खिलाफ भैंस के आगे बीन बजाने की तर्ज पर बैंड बजाकर विरोध प्रदर्शन किया।

Advertisement

पार्षदों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन और अध्यक्ष जनसमस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनहीन बने हुए हैं। उनका आरोप है कि जिस तरह भैंस के आगे बीन बजाने का कोई असर नहीं होता, उसी तरह लगातार धरना-प्रदर्शन और शिकायतों के बावजूद नगर पालिका प्रशासन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। धरने पर बैठे पार्षदों ने शहर में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

पार्षदों के अनुसार, शहर की कई सड़कें जर्जर हालत में हैं, जगह-जगह गंदगी के अंबार लगे हुए हैं और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बदहाल है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि शहर की लगभग 98 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पार्षदों ने गौशालाओं की बदहाली और पेयजल संकट को भी प्रमुख मुद्दा बताया। उनका आरोप है कि वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित फाइलों पर समय पर कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे आम जनता को परेशान होना पड़ रहा है।

इस आंदोलन में कांग्रेस, भाजपा, आम आदमी पार्टी और निर्दलीय पार्षद एक ही मंच पर नजर आ रहे हैं। अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े पार्षदों का नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ एकजुट होना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि विकास कार्यों की फाइलों पर कार्रवाई और शहर की प्रमुख समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी देते हुए कहा कि स्थिति बिगड़ने पर इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।