BREAKING NEWS
2026-10-17

भोपाल में रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों में अनाधिकृत वेंडरों पर कार्रवाई

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईआरसीटीसी ने अनाधिकृत वेंडरों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू किया है। क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों और उनसे गुजरने वाली ट्रेनों में खानपान सेवाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
इस अभियान के लिए 12 क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित की गई हैं। आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय अधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में भोपाल, इटारसी, इंदौर, रीवा, सतना, कटनी, जबलपुर, सागर, भरतपुर, सवाई माधोपुर और कोटा सहित प्रमुख स्टेशनों पर जांच की जा रही है।
टीमों ने अब तक 30 से अधिक अनाधिकृत वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई की है। जांच के दौरान 500 से अधिक बिना ब्रांड की पानी की बोतलें और 400 से अधिक अमानक एवं गुणवत्ताहीन खानपान सामग्री जब्त कर नियमानुसार नष्ट की गई।
अभियान के दौरान खानपान सामग्री की गुणवत्ता, उपलब्धता और निर्धारित दरों की जांच की जा रही है। इसके अलावा, रेल नीर की उपलब्धता और उसकी निर्धारित कीमत पर बिक्री सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वेंडरों के अधिकृत आईडी कार्ड, वैध प्राधिकरण, निर्धारित यूनिफॉर्म और स्वच्छता मानकों की भी जांच की जा रही है। आईआरसीटीसी का उद्देश्य अनाधिकृत वेंडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के साथ यात्रियों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण भोजन और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वेंडरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे सामान खरीदने के बाद बिल जरूर लें।

Advertisement